धोरैया के कुर्मा-तिलवारी मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, कार और बाइक की टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल
संवाददाता । अंग संदेश।
बांका, धोरैया:
बिहार के धोरैया प्रखंड अंतर्गत सनौहला रोड स्थित कुर्मा–तिलवारी मोड़ के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
मिली जानकारी के अनुसार तिलवारी गांव निवासी मोहम्मद आशिक (उम्र लगभग 21 वर्ष), पिता मोहम्मद मुस्तफा, मोटरसाइकिल से कुर्मा की ओर जा रहे थे। उसी समय झारखंड के गोड्डा निवासी संस्कृत ठाकुर (उम्र लगभग 40 वर्ष), पिता बसंत ठाकुर, कार से सनौहला की ओर जा रहे थे। कुर्मा-तिलवारी मोड़ के समीप दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक चालक मोहम्मद आशिक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धोरैया पहुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों द्वारा घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया गया और आवश्यक दवा-उपचार भी दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक के सिर और पैर में चोट आई है। स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मायागंज रेफर कर दिया गया।
इधर पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार और चालक को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मोड़ पर अक्सर तेज रफ्तार और असावधानी के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए यहां सावधानी बरतने की
आवश्यकता है।
रिपोर्ट: ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन जन जन की आवाज ।
जय हिंद जय भारत🇳🇪