देवसुंदरा में सामूहिक विवाह: 27 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में, उप मुख्यमंत्री अरुण साव होंगे शामिल
पलारी। तहसील साहू संघ पलारी अंतर्गत दतान, भवानीपुर, रोहासी और पलारी परिक्षेत्र के संयुक्त तत्वाधान में 8 मार्च को ग्राम देवसुंदरा में राजिम जयंती एवं सामूहिक आदर्श विवाह का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में 27 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे कलश यात्रा एवं गली भ्रमण से होगी। सुबह 11 बजे राजिम माता की सामूहिक आरती एवं प्रसादी वितरण किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से सामूहिक विवाह समारोह प्रारंभ होगा, जो शाम तक आशीर्वाद एवं सांस्कृतिक माहौल के बीच संपन्न होगा। इस अवसर पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। अध्यक्षता कसडोल विधायक संदीप साहू करेंगे। प्रमुख अतिथियों में प्रदेश साहू संघ अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, भाटापारा विधायक इन्द्र साव, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू और दूधाधारी मठ के पीठाधीश्वर महंत रामसुंदर दास शामिल रहेंगे।
तहसील साहू संघ अध्यक्ष जगदीश साहू, दतान परिक्षेत्र अध्यक्ष गनपत साहू, भवानीपुर परिक्षेत्र अध्यक्ष डोमन साहू, रोहासी परिक्षेत्र अध्यक्ष उमाशंकर साहू तथा नगर साहू संघ पलारी अध्यक्ष गोपी साहू ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर नव दम्पत्तियों को आशीर्वाद देने की अपील की है।