चित्तौड़िया गांव में ट्रांसफार्मर में लगी आग: गेहूं की फसल जलने से बाल-बाल बची, बड़ा हादसा टला
आसींद थाना क्षेत्र के चित्तौड़िया गांव में शनिवार को एक खेत में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे पास खड़ी गेहूं की फसल को कोई नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, चित्तौड़िया निवासी पुखराज गुर्जर के खेत में लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। ट्रांसफार्मर से लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने आसींद नगर पालिका की दमकल को भी सूचना दी।
पुखराज गुर्जर ने बताया कि सूचना के बावजूद दमकल को मौके पर पहुंचने में लगभग दो घंटे लग गए, जबकि चित्तौड़िया गांव आसींद से मात्र चार किलोमीटर दूर है। उन्होंने बताया कि खेत में करीब 10 बीघा में गेहूं की फसल बोई हुई थी।
ग्रामीणों के त्वरित प्रयास और दमकल के पहुंचने से पहले आग पर नियंत्रण पा लेने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। यदि आग खेत तक फैल जाती तो भारी नुकसान हो सकता था।