logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

टिहरी झील महोत्सव 2026: भिलंगना में भांसरताल ट्रेक का आयोजन, 80 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रकृति की गोद में किया ट्रैक

हुलानाखाल से भांसरताल तक पैदल ट्रैक में युवाओं और छात्रों ने लिया उत्साह से भाग, हिमालय पब्लिक स्कूल के 37 छात्र भी शामिल

टिहरी गढ़वाल | 7 मार्च 2026।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के विशेष प्रयासों से आयोजित टिहरी झील महोत्सव–2026 “हिमालय O2” के अंतर्गत जनपद के भिलंगना ब्लॉक में भांसरताल ट्रेक का सफल आयोजन किया गया। इस ट्रेकिंग कार्यक्रम का शुभारंभ घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट और बीडीओ विपिन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया।

हुलानाखाल से शुरू हुए इस ट्रेक में 10 अलग-अलग दलों के रूप में 80 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और लगभग 2 किलोमीटर से अधिक पैदल ट्रैक करते हुए भांसरताल तक पहुंचे। ट्रेकिंग दलों में हिमालय पब्लिक स्कूल घनसाली के 37 छात्र-छात्राएं भी शामिल रहे, जिन्होंने प्रकृति के बीच ट्रेकिंग का रोमांचक अनुभव प्राप्त किया।

टिहरी झील महोत्सव 2026: भिलंगना में भांसरताल ट्रेक का आयोजन, 80 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रकृति की गोद में किया ट्रैक
प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर भांसरताल

ट्रैकिंग के दौरान प्रतिभागियों का पहला पड़ाव सुखताल रहा, जहां जलपान के बाद सभी दल आगे बढ़े और दूसरे पड़ाव के रूप में भांसरताल पहुंचे। इस दौरान प्रतिभागियों ने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का भरपूर आनंद लिया।

भांसरताल पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन को सड़क और पेयजल से जुड़ी समस्याओं से भी अवगत कराया।

पर्यटन और पौराणिक स्थलों को मिलेगा बढ़ावा

ट्रैकिंग दल को रवाना करने के बाद विधायक शक्तिलाल शाह ने कहा कि राज्य सरकार पौराणिक तीर्थाटन और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इस ट्रैक के विकास के लिए पहले भी प्रयास किए गए थे और अब सरकार इन ट्रैकिंग मार्गों को विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि भांसरताल प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर स्थान है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं और भविष्य में इसे मोटर मार्ग से जोड़ने की भी योजना है। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में जगदीशिला, विश्वनाथ, बूढ़ाकेदार, बासर सहित कई खूबसूरत पर्यटन स्थल मौजूद हैं, जिन्हें विकसित किया जाएगा।

पर्यटन मानचित्र पर उभरते नए ट्रैक

घनसाली एसडीएम अलकेश नौडियाल ने बताया कि 6 मार्च से 9 मार्च तक आयोजित टिहरी लेक फेस्टिवल के अंतर्गत शनिवार को भिलंगना ब्लॉक के घनसाली–हुलानाखाल से भांसरताल पैदल ट्रैक का आयोजन किया गया। यह पहल जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी द्वारा क्षेत्र के सुंदर पर्यटन स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि भविष्य में पंवाली कांटा, महास्रताल और सहस्रताल जैसे ट्रैकिंग मार्गों को भी विकसित किया जाएगा।

युवाओं ने सराहा आयोजन

ट्रैकिंग दल में शामिल पारस सिंह तथा हिमालय पब्लिक स्कूल घनसाली के छात्र सुधीर टम्टा, अंकित राणा, हिमांशु रावत और प्रतीक्ष बडोला ने कहा कि वे पहली बार इस स्थान पर पहुंचे हैं और यहां की प्राकृतिक सुंदरता बेहद आकर्षक है। उन्होंने इस आयोजन के लिए प्रशासन और सरकार का आभार व्यक्त किया।

रविवार को मैराथन और सांस्कृतिक कार्यक्रम

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी विपिन सिंह ने बताया कि टिहरी झील महोत्सव के तहत भिलंगना ब्लॉक में दो प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को भांसरताल ट्रेक आयोजित किया गया, जबकि रविवार को घनसाली से पिलखी तक मैराथन दौड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान संतोष उपाध्याय, एसटीओ कैलाश रमोला, वन क्षेत्राधिकारी शिव प्रसाद गैरोला, एबीडीओ राजेन्द्र सिंह गुसाईं, डीपीओ अनुज बहुगुणा, ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह, पूर्व प्रधान हरीश उनियाल, किशन रावत, सोहन सिंह, पुष्पा देवी, मकानी देवी, शिवदेवी, विजेश्वरी, रोशनी, सावेंत्री देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

1
25 views

Comment