टिहरी लेक फेस्टिवल 2026: पेंटिंग प्रतियोगिता में रंगों के माध्यम से उभरा हिमालय और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बौराड़ी स्टेडियम घण्टाघर परिसर में आयोजित प्रतियोगिता में 87 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, प्रकृति और हिमालय पर उकेरी रचनात्मक कल्पनाएं
टिहरी गढ़वाल | 7 मार्च 2026। केदारसिंह चौहान 'प्रवर'
टिहरी लेक फेस्टिवल–2026 के दूसरे दिन बौराड़ी स्टेडियम स्थित घण्टाघर परिसर में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने रंगों के माध्यम से हिमालय, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल तथा मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
200 पंजीकरण, 87 प्रतिभागियों ने किया प्रतिभाग
पेंटिंग प्रतियोगिता में कुल 200 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 87 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाओं और रचनात्मकता के माध्यम से हिमालय की सुंदरता, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के महत्व को चित्रों में उकेरा।
हिमालय के महत्व को दर्शाते हैं आयोजन
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि टिहरी झील महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य हिमालय के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में मेले के दौरान महिलाओं की खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
रचनात्मक सोच को बढ़ावा देती है चित्रकला
जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने कहा कि चित्रकला मनुष्य को मानसिक रूप से सशक्त बनाती है और रचनात्मक सोच को विकसित करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं और बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है।
आयोजकों के अनुसार टिहरी लेक फेस्टिवल के अंतर्गत आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता का परिणाम अगले दिन घोषित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मो. असलम, आयोजन दल के सदस्य, प्रतिभागी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।