logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ईरान में फंसा काशीपुर का युवक अर्पित सैनी, परिवार ने केंद्र सरकार से लगाई सुरक्षित वापसी की गुहार

AIMA MEDIA | काशीपुर / उधम सिंह नगर
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालातों के बीच कई देशों के नागरिक प्रभावित हो रहे हैं। इसी बीच उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर का रहने वाला युवक अर्पित सैनी इन दिनों ईरान में फंसा हुआ है। अर्पित के परिवार ने उसकी सुरक्षित वापसी के लिए केंद्र सरकार से मदद की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार अर्पित सैनी करीब आठ महीने पहले मर्चेंट नेवी की नौकरी के सिलसिले में विदेश गया था। शुरुआत में वह यूरोप में कार्यरत था, लेकिन बाद में उसने दुबई की एक कंपनी ज्वाइन कर ली। कंपनी के काम के चलते उसका ईरान आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच वह ईरान में ही फंस गया।
अर्पित ने फोन पर अपने पिता विनोद कुमार सैनी और मां नीलम सैनी से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि वह फिलहाल सुरक्षित है। उसने बताया कि जैसे ही फ्लाइट सेवाएं शुरू होंगी, वह भारत वापस लौटने की कोशिश करेगा।
अर्पित के पिता विनोद कुमार सैनी, जो काशीपुर में गारमेंट्स का कारोबार करते हैं, का कहना है कि वहां के हालात को लेकर परिवार काफी चिंतित है। अर्पित ने बताया है कि आसपास के इलाकों में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और समुद्र में मिसाइल गिरने जैसी घटनाओं की खबरें भी सामने आ रही हैं।
अर्पित की बहन कशिश सैनी का कहना है कि उनके भाई ने परिवार को ढांढस बंधाने के लिए खुद को सुरक्षित बताया है, लेकिन वहां की परिस्थितियां सामान्य नहीं हैं। खाने-पीने और रहने की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है, जिससे वह काफी परेशान है।
परिवार ने मुख्यमंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी मदद की अपील की है। साथ ही केंद्र सरकार से मांग की है कि ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए जल्द से जल्द निकासी की व्यवस्था की जाए।
परिजन लगातार अर्पित के संपर्क में हैं और उसकी सुरक्षित घर वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।
रिपोर्ट: AIMA MEDIA | जन-जन की आवाज

4
479 views

Comment