14 मार्च को सिदगोड़ा टाउन हॉल में लगेगा राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर, तैयारियों को लेकर हुई अहम बैठक
जमशेदपुर | रिपोर्ट: आनंद किशोर
14 मार्च 2026 को सिदगोड़ा टाउन हॉल, जमशेदपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के वर्चुअल उद्घाटन एवं राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर के सफल आयोजन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान ने की, जिसमें जिला स्तर के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल लगाने, योजनाओं से लाभान्वित किए जाने वाले अधिक से अधिक लाभुकों की सूची तैयार करने तथा परिसंपत्ति वितरण से संबंधित सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं के पात्र लाभुकों की पहचान कर उनकी सूची जल्द उपलब्ध कराएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा सके। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाने पर भी जोर दिया।
बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, विभागीय समन्वय, स्टॉल व्यवस्था, लाभुकों की उपस्थिति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त के अलावा निदेशक एनईपी श्री संतोष गर्ग, नजारत उपसमाहर्ता श्री डेविड बलिहार, कल्याण पदाधिकारी श्री शंकराचार्य शमद, आपूर्ति पदाधिकारी श्री जुल्फिकार अंसारी, कार्यपालक दंडाधिकारी श्री चंद्रजीत सिंह, डीआईओ एनआईसी श्री किशोर प्रसाद सहित जेएसएलपीएस, शिक्षा, समाज कल्याण, पशुपालन, कृषि, भूमि संरक्षण, मत्स्य, स्वास्थ्य, श्रम, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा विभाग, अग्रणी बैंक प्रबंधक, आधार पंजीकरण, सहकारिता, कल्याण, आपूर्ति, बाल संरक्षण एवं जेल प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।