#अहिरोरी ब्लॉक में कथित डीलिंग का ऑडियो वायरल, प्रधानों ने खोला मोर्चा, ग्राम विकास या सौदेबाजी का अड्डा
*हरदोई: विकास खंड अहिरोरी में ग्राम पंचायतों के विकास को लेकर ऐसा मामला सामने आया है जिसने समूचे विकास क्षेत्र में हलचल मचा दी। गांव के विकास की जिम्मेदारी जिन कंधों पर है, उन्हीं के बीच कथित डीलिंग का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा अब आम जनता के बीच आग की तरह फैल रही है।बताया जा रहा है कि पंचायत के कामकाज और विकास योजनाओं को लेकर लेनदेन की बातचीत का कथित ऑडियो सामने आने के बाद लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं। मामला इतना बढ़ गया कि क्षेत्र के कई ग्राम प्रधानों ने मुख्य विकास अधिकारी हरदोई को सामूहिक प्रार्थना पत्र देकर ग्राम विकास अधिकारी आकांक्षा सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। प्रधानों का आरोप है कि ग्राम विकास अधिकारी का व्यवहार न तो प्रधानों के प्रति ठीक है और न ही आम जनता के साथ। साथ ही विकास कार्यों में भी उनके द्वारा अपेक्षित रुचि नहीं ली जा रही, जिससे उनके हिस्से आईं कई पंचायतों का विकास प्रभावित हो रहा है। प्रधानों ने प्रशासन से मांग की है कि हालात को देखते हुए ग्राम विकास अधिकारी का क्लस्टर बदला जाए, ताकि पंचायतों के विकास कार्यों में पारदर्शिता और गति आ सके। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है, आखिर गांव के विकास के नाम पर किस तरह की बातचीत वायरल हो रही है, क्या प्रशासन इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करेगा। या फिर यह मामला गुलाबी फाइलों में दफन कर दिया जाएगा? वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। वहीं ग्राम विकास अधिकारी के क्लस्टर व उन्हें अन्यत्र स्थान को बदलने की बात लिखा एक पैड सांसद जय प्रकाश व विधायक श्याम प्रकाश की ओर से मुख्य विकास अधिकारी के पास पहुंचा है। जिससे गांव विकास की गति को बरकरार रखने के प्रयास लोगों को बखूबी समझ आ रहे हैं। वायरल ऑर्डियो को सुनने व हकीकतों को समझने के बाद जानकार कहते हैं। गांवों की किस्मत कागज़ों में लिखी जा रही है, सिस्टम की जेबें चुपचाप भरी जा रही हैं, जिसे सौंपा था विकास का जिम्मा जनता ने, उन्हीं गांवों की तकदीर बेची जा रही है। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो को (द टेलीकास्ट) प्रमाणित नहीं करता है।
रिपोर्टर यूनुश सिद्दीकी
हरदोई