गीत ‘टटिहरी’ को लेकर बढ़ा विरोध, ग्रंथी सभा ऐलनाबाद ने भी उठाई आवाज
गीत ‘टटिहरी’ को लेकर बढ़ा विरोध, ग्रंथी सभा ऐलनाबाद ने भी उठाई आवाज
हरियाणा, 5 मार्च।
प्रसिद्ध रैपर व गायक Badshah के हाल ही में जारी गीत ‘टटिहरी’ को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। सामाजिक संस्था दा यूथ फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. धर्मेन्द्र मानेसर द्वारा हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini को पत्र लिखकर गीत की जाँच कराने की मांग के बाद अब अन्य संगठनों ने भी इस पर आपत्ति जताई है।
इसी कड़ी में ग्रंथी सभा ऐलनाबाद, हरियाणा (Sr. No. 14832) के प्रधान परविंदर सिंह ने भी इस गीत का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि गीत के वीडियो में सरकारी स्कूल की छात्राओं, ग्रामीण परिवेश और Haryana Roadways की बस के दृश्य दिखाए गए हैं, जबकि रैप भाग में प्रयोग किए गए कुछ शब्द समाज में गलत संदेश दे सकते हैं।
प्रधान परविंदर सिंह ने कहा कि हरियाणा की बेटियाँ और शिक्षा संस्थान समाज की गरिमा का प्रतीक हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की ऐसी प्रस्तुति स्वीकार नहीं की जा सकती जो उनकी छवि को प्रभावित करे। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस मामले की गंभीरता से जाँच करवाई जाए और यदि गीत या वीडियो में आपत्तिजनक सामग्री पाई जाए तो सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में कलाकारों और प्रोडक्शन कंपनियों को इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि सार्वजनिक मंचों पर प्रस्तुत की जाने वाली सामग्री से समाज, संस्कृति और बेटियों की गरिमा को ठेस न पहुँचे।
ग्रंथी सभा ऐलनाबाद ने भी सरकार से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने और उचित दिशानिर्देश लागू करने की मांग की है।