मथुरा में बड़ी कार्रवाई: महाराणा प्रताप सेना ने युवती को अपराधियों के चंगुल से छुड़ाया, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
मथुरा: समाज में पहचान छिपाकर छल-कपट और दबाव के माध्यम से हिंदू युवतियों को निशाना बनाने वाली ताकतों के खिलाफ महाराणा प्रताप सेना ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। संगठन ने एक साहसिक अभियान चलाते हुए एक पीड़ित युवती को अपराधियों के चंगुल से सुरक्षित मुक्त कराकर उसके परिवार से मिलवाया।
जानकारी के अनुसार मथुरा क्षेत्र में सामने आए इस गंभीर मामले में संगठन को सूचना मिली थी कि एक युवती को उसकी वास्तविक पहचान छिपाकर मानसिक दबाव के माध्यम से अवैध विवाह के जाल में फंसाया गया है। सूचना मिलते ही महाराणा प्रताप सेना सक्रिय हुई और तुरंत कार्रवाई करते हुए युवती का पता लगाकर उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. ए.पी. सिंह ने किया। उनके साथ मथुरा इकाई के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने युवती को सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. ए.पी. सिंह ने कहा कि पहचान छिपाकर किए जाने वाले ऐसे विवाह समाज के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि
“हमारी बहन-बेटियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। यह केवल एक विवाह का मामला नहीं बल्कि एक गहरी साजिश का हिस्सा हो सकता है। संगठन यह सुनिश्चित करेगा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले ताकि भविष्य में कोई भी ऐसा दुस्साहस करने की हिम्मत न कर सके।”
संगठन ने इस पूरे अभियान में मथुरा पुलिस के सकारात्मक सहयोग की भी सराहना की है। पुलिस की त्वरित कार्यवाही से पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। साथ ही संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में शामिल सभी मुख्य आरोपियों और उनके सहयोगियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
महाराणा प्रताप सेना ने स्पष्ट किया है कि वह पीड़ित महिलाओं और उनके परिवारों को हर संभव सामाजिक, आर्थिक और कानूनी सहायता प्रदान करेगी। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई बरती गई तो संगठन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगा।