संत विवेकानंद स्कूल शिवनगर में धूमधाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव, बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता सबका दिल
हापुड़। मोदीनगर रोड स्थित शिवनगर के संत विवेकानंद स्कूल में वार्षिकोत्सव के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेश शर्मा रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई, जहां छात्रा कृतिका ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों को तिलक लगाकर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका पूजा और मानसी द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के संचालक पवन शर्मा, प्रिंसिपल हंसिका शर्मा, रजनीश त्यागी, हितेश त्यागी, इंद्रवीर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वार्षिकोत्सव में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और बड़ी संख्या में अभिभावक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का दिल जीत लिया।
मुख्य अतिथि महेश शर्मा ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।