रिपोर्टर आशीष कुमार, राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री बने ऑल इंडिया टॉपर तीसरे प्रयास में हासिल की AiR1 ।
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा कस्बे के रहने वाले अनुज साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता रावतभाटा स्थित परमाणु ऊर्जा संयंत्र में कार्यरत हैं।
अनुज ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय से की और 10वीं के बाद आगे की पढ़ाई के लिए कोटा चले गए, जहां से उन्होंने 12वीं पास की। इसके बाद उन्होंने AIIMS जोधपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की।
मेडिकल की पढ़ाई के दौरान ही उनके मन में प्रशासनिक सेवा के माध्यम से समाज की व्यापक सेवा करने का विचार आया। कड़ी मेहनत और अनुशासित तैयारी के दम पर उन्होंने तीसरे प्रयास में UPSC परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर ली।
अनुज की सफलता आज देश भर के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। उनका कहना है कि इस परीक्षा में धैर्य, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।