logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गौ रक्षा दल के कार्यकर्ता दक्ष चौधरी ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप

*गौ रक्षा दल के कार्यकर्ता दक्ष चौधरी ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप*



गरीब शक्ति हिन्दी दैनिक

संवाद सूत्र



लखनऊ।

होली के दिन हुई एक घटना को लेकर हिंदू रक्षा दल से जुड़े कार्यकर्ता दक्ष चौधरी ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में उन्होंने दावा किया है कि पुलिस ने उन्हें और उनके एक साथी के साथ थाने में मारपीट की।

दक्ष चौधरी के अनुसार 4 मार्च को कुछ महिलाओं ने उन्हें फोन कर शिकायत की थी कि इलाके में कुछ लोग शराब के नशे में महिलाओं के साथ बदसलूकी कर रहे हैं। उनका कहना है कि वह केवल दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के उद्देश्य से मौके पर पहुंचे थे।

उनका कहना है कि इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और उनसे पूछताछ की गई। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता हैं। आरोप है कि इसके बाद पुलिस ने उन पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।

वीडियो में दक्ष चौधरी ने कहा कि यदि उन्होंने किसी के साथ मारपीट की है तो उसका वीडियो सार्वजनिक किया जाए। उनके मुताबिक पुलिस उन्हें पकड़कर गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई।

दक्ष चौधरी का आरोप है कि थाने के अंदर एक कमरे में मौजूद 6 से 8 पुलिसकर्मियों ने उन्हें और उनके साथी अक्कू पंडित को जमीन पर गिराकर जूतों से मारपीट की। उनका दावा है कि इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं।

उन्होंने बताया कि घटना में उनके कंधे और आंख में चोट आई है तथा शरीर में अंदरूनी चोटें भी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पुलिस को किसी व्यक्ति के साथ इस तरह की “थर्ड डिग्री” का इस्तेमाल करने का अधिकार है।

दक्ष चौधरी के अनुसार उनका मेडिकल कराया गया था और डॉक्टरों ने उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर करने की बात कही थी। हालांकि उनका आरोप है कि उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय सीधे एसएसपी के सामने पेश कर दिया गया।

फिलहाल इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

5
664 views

Comment