अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 13 मार्च को विकास भवन में महिला जनसुनवाई
*अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 13 मार्च को विकास भवन में महिला जनसुनवाई*
जय प्रकाश त्रिपाठी
जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर, 06 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारु चौधरी 13 मार्च 2026 को जनपद सिद्धार्थनगर में महिला सुरक्षा एवं अधिकारों से संबंधित मामलों को लेकर विशेष जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक करेंगी। यह बैठक पूर्वाह्न 11 बजे विकास भवन सभागार में आयोजित की जाएगी।
बैठक में जनपद के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना तथा महिलाओं से जुड़े मामलों की प्रभावी समीक्षा करना है। इस दौरान महिला उत्पीड़न से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
महिला जनसुनवाई के दौरान जनपद की पीड़ित महिलाएं अपनी शिकायतें सीधे राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगी। प्राप्त शिकायतों पर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने जनपद की महिलाओं से अपील की है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की समस्या या शिकायत है तो वे निर्धारित तिथि और समय पर विकास भवन सभागार पहुंचकर अपनी बात रख सकती हैं, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।