logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर प्री-ट्रायल बैठक

राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर प्री-ट्रायल बैठक

जय प्रकाश त्रिपाठी

जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की भव्य सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिद्धार्थनगर द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों व बैंक अधिकारियों के साथ प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई। बैठक माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार सायं 4:30 बजे संपन्न हुई।
बैठक में अपर जनपद न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी बीरेन्द्र कुमार ने उपस्थित बैंक व विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) से संबंधित मामलों का अधिक से अधिक निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत में कराया जाए, जिससे आमजन को त्वरित व सुलभ न्याय मिल सके।
उन्होंने सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को निर्देश दिया कि पैरालीगल वालंटियरों के माध्यम से जिला मुख्यालय तथा विभिन्न तहसीलों में न्यायालय, कलेक्ट्रेट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल, हाट-बाजार, तहसील मुख्यालय व बैंकों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग लोक अदालत का लाभ उठा सकें।
बैठक में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अरुण कुमार-चतुर्थ सहित भारतीय स्टेट बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक व यूपी ग्रामीण बैंक के अधिकारी तथा श्रम, आबकारी, बीएसएनएल, आरटीओ, पूर्ति, स्वास्थ्य, स्टाम्प, वन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

16
6287 views

Comment