लक्ष्मीपुरा सामुदायिक भवन जर्जर, हादसे की आशंका
ग्राम पंचायत के गांव लक्ष्मीपुरा में सरकारी स्कूल परिसर में बना सामुदायिक भवन जर्जर हालत में पहुंच गया है। भवन की दीवारों में गहरी दरारें पड़ चुकी हैं और छत भी जगह-जगह से टूटने लगी है। ऐसे में यह भवन कभी भी धराशायी हो सकता है, जिससे स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों और स्टाफ की जान पर खतरा मंडरा रहा है।
स्कूल परिसर में रोजाना बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ने के लिए आते हैं। परिसर में बच्चे खेलते रहते हैं। जर्जर भवन की हालत देखकर ग्रामीणों और अभिभावकों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है। किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य कल्याणी बाई ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति को लेकर ग्राम पंचायत को लिखित में सूचना दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक पंचायत की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि समय रहते इस भवन की मरम्मत या इसे हटाने की व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर में जर्जर भवन का खड़ा रहना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
Aima media jhalawar