logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शाहजहांपुर: खूनी 'चाइनीज मांझे' ने फिर ली बाइक सवार की सुध, हाईवे पर कटी गर्दन

शाहजहांपुर: जनपद में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा काल बनकर आसमान में तैर रहा है। मुख्यमंत्री के सख्त आदेशों के बावजूद जिले में इसकी बिक्री और इस्तेमाल पर लगाम नहीं लग पा रही है। ताजा मामला शुक्रवार शाम का है, जहां होली मिलकर घर लौट रहे एक बाइक सवार की गर्दन चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बुरी तरह कट गई। घायल को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।

रिश्तेदार से होली मिलकर लौट रहे थे घर
कटरा थाना क्षेत्र के बाजपुर कुमिरखा निवासी राम लड़ैते (40) शुक्रवार को अपने एक साथी के साथ तिलहर क्षेत्र में एक रिश्तेदार के घर होली मिलने गए थे। शाम को जब वे बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी कटरा के सरयू स्थित नेशनल हाईवे पर अचानक उनकी गर्दन में मांझा फंस गया। पीड़ित के मुताबिक, बाइक की गति कम होने की वजह से उनकी जान बच गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

गले से खून निकलता देख राम लड़ैते ने तुरंत बाइक रोकी। पीछे बैठे साथी ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर कपड़े से खून रोकने का प्रयास किया और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

खूनी इतिहास: पहले भी जा चुकी हैं कई जानें
शाहजहांपुर में चाइनीज मांझा पहले भी कई परिवारों के चिराग बुझा चुका है। इस घटना ने एक बार फिर पुराने जख्मों को हरा कर दिया है:

2 साल पहले: अजीजगंज रोड पर एक सिपाही की गर्दन कटने से दर्दनाक मौत हो गई थी।
भाई दूज पर हादसा: रोजा थाना क्षेत्र में एक युवक मांझे की चपेट में आकर अपनी जान गंवा बैठा था।
अन्य घटनाएं: इसके अलावा दर्जनों लोग इस मांझे के कारण चेहरे और हाथों पर गंभीर चोटें खा चुके हैं।

प्रशासन की 'खानापूर्ति' पर उठ रहे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस और प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है। लोगों का कहना है कि जब भी कोई बड़ी घटना होती है, तो पुलिस कुछ दिन छापामारी की 'खानापूर्ति' करती है, लेकिन थोड़े समय बाद कार्रवाई ठंडे बस्ते में डाल दी जाती है। दुकानों पर चोरी-छिपे बिक रहा यह मांझा आज भी लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा है।

घायल का प्राथमिक उपचार कर उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस को चाहिए कि प्रतिबंधित मांझा बेचने वालों पर गैंगेस्टर जैसी सख्त कार्रवाई करे।" — स्थानीय नागरिक

0
0 views

Comment