logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

खेत में फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

शाहजहाँपुर। जिले के रोजा थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों ने युवक की हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार रोजा थाना क्षेत्र के गांव पींग निवासी 18 वर्षीय गौरव राजमिस्त्री के साथ मजदूरी करता था। शुक्रवार सुबह गांव के पास एक मंदिर के निकट खेत में उसका शव फांसी के फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के ममेरे भाई संजय सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि होलिका दहन से पहले गौरव अपने एक दोस्त के साथ गांव के ही एक व्यक्ति के खेत से लकड़ी काटकर लाया था, जिससे होलिका जलाई गई थी। जब इस बात की जानकारी खेत मालिक को हुई तो उसने गौरव को धमकी दी थी और थाने में तहरीर देकर उस पर जातिसूचक शब्द कहने का आरोप भी लगाया था।

परिजनों का कहना है कि गुरुवार को गौरव के कुछ परिजन समझौता करने के लिए संबंधित व्यक्ति के घर गए थे, जहां बातचीत भी हुई, लेकिन समझौता नहीं हो सका। आरोप है कि वहां गौरव को एक सप्ताह के भीतर जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद से वह काफी डरा हुआ था।

बताया गया कि गुरुवार रात गौरव घर से निकला था और देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह गांव के पास खेत में उसका शव फंदे से लटका मिला।

परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने गौरव की हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया है। गौरव के परिवार में दो भाई सुमित और गौरव तथा एक बहन रीना है। परिजनों ने बताया कि 11 मार्च को गौरव की चचेरी बहन की शादी है, जिसकी तैयारियां घर में चल रही थीं।

पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

10
41 views

Comment