14 व 15 मार्च को होगी उपनिरीक्षक भर्ती लिखित परीक्षा
व्यवस्थाओं को लेकर डीएम ने की बैठक
बदायूँ : 24 फरवरी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ के निर्देशानुसार आरक्षित नागरिक पुलिस में उपनिरीक्षक (एस0आई0) भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा जनपद में 14 एवं 15 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोनों दिन दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 12ः00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक सम्पन्न कराई जाएगी। प्रत्येक पाली की परीक्षा अवधि 120 मिनट निर्धारित की गई है। प्रत्येक पाली में कुल 4320 तथा दोनों दिन की चारो पालियों में कुल 17280 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।
परीक्षा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी अवनीश राय ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में अधिकारियों को परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए नामित अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न परीक्षा केन्द्रों, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं अन्य निर्धारित स्थलों पर तैनात रहेंगे। साथ ही समस्त व्यवस्थाओं की निगरानी हेतु कलेक्ट्रेट स्थित आईसीसीसी कंट्रोल रूम से भी निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, विद्युत, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा जाए ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि परीक्षा की सुचिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, पहचान पत्र की जांच, मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है।
साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु परीक्षा केन्द्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, एम्बुलेंस तथा आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रोडवेज बस स्टैंड तथा पुलिस लाइन चौराहे सहित प्रमुख स्थानों पर यातायात, पार्किंग एवं भीड़ नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने बताया कि जनपद में परीक्षा के लिए 15 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है, जिनमें गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय, हाफिज सिद्दीकी इस्लामिया इंटर कॉलेज, केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज उझानी, एनएमएसएन दास डिग्री कॉलेज, नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, पार्वती आर्य कन्या इण्टर कॉलेज, पीएम राजकीय इण्टर कॉलेज, पीएम राजकीय कन्या इण्टर कॉलेज, राजाराम महिला इण्टर कॉलेज, राजकीय महाविद्यालय, राजकीय पॉलिटेक्निक, राजकीय महिला महाविद्यालय, श्री कृष्ण इंटर कॉलेज एवं सिगलर गर्ल्स इण्टर कॉलेज सहित शिक्षण संस्थान शामिल हैं। इन केन्द्रों पर परीक्षा को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु केन्द्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। दो सैक्टर व दो स्टेटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे गए हैं। इस अवसर पर एडीएम एफआर, एडीएम प्रशासन सहित अन्य मजिस्ट्रेट व केन्द्र व्यवस्थापक व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।