नशे के कारोबार पर विंढमगंज पुलिस का शिकंजा
सलैयाडीह रेलवे अंडरपास के पास से युवक गिरफ्तार, 1 किलो 250 ग्राम अवैध गांजा बरामद
विंढमगंज सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विंढमगंज पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशानुसार जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी के नेतृत्व में थाना विंढमगंज पुलिस क्षेत्र में सक्रिय रूप से गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान 5 मार्च 2026 की रात लगभग 10:40 बजे थाना विंढमगंज के थानाध्यक्ष शिवकुमार सिंह अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान सलैयाडीह रेलवे अंडरपास के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक घबराने लगा, जिस पर पुलिस ने उसे रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवक के पास से 1 किलो 250 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम कमलेश अगरिया (26 वर्ष) पुत्र शिवनाथ अगरिया निवासी ग्राम करईल, थाना कोन, जनपद सोनभद्र बताया।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना विंढमगंज में मु0अ0सं0 28/2026 धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष शिवकुमार सिंह, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल भूपेन्द्र पाण्डेय शामिल रहे