logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पटना में तेज रफ्तार कार का कहर: ई-रिक्शा चालक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़..

पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा होली के दूसरे दिन वैशाली गोलंबर के पास हुआ, जिससे एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतक की पहचान कंकड़बाग के इंदिरा नगर रोड नंबर-1 निवासी 52 वर्षीय बबलू कुमार शर्मा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 4 बजे वह कंकड़बाग से वैशाली गोलंबर की ओर ई-रिक्शा लेकर जा रहे थे। जैसे ही वे गोलंबर के पास पहुंचे, सामने से तेज गति और लापरवाही से आ रही एक कार ने उनके ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बबलू कुमार शर्मा के सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए पीएमसीएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। गांधी मैदान यातायात थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार चौहान ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है।
इधर, होली के त्योहार के बीच हुई इस घटना से बबलू कुमार शर्मा के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की भाभी रीमा देवी ने बताया कि बबलू गुरुवार सुबह करीब 7 बजे रोज की तरह ई-रिक्शा चलाने के लिए घर से निकले थे। वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और 20 वर्ष की एक बेटी है, जो अभी पढ़ाई कर रही है।
बबलू कुमार की मौत से परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है। त्योहार की खुशियों के बीच आई इस दुखद खबर ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

1
13 views

Comment