श्रीनगर से पैदल दिल्ली कूच कर रहीं LUCC ठगी पीड़ित महिलाएं, अक्षरधाम के पास पहुंचीं दिल्ली !
श्रीनगर से पैदल दिल्ली कूच कर रहीं LUCC ठगी पीड़ित महिलाएं, अक्षरधाम के पास पहुंचीं
दिल्ली:
LUCC घोटाले में अपनी जमा-पूंजी गंवा चुकी महिलाओं का पैदल मार्च अब दिल्ली के करीब पहुंच गया है। श्रीनगर से न्याय की मांग को लेकर निकली ये महिलाएं आज दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के पास पहुंच गई हैं। अब उनकी मंजिल राजधानी दिल्ली मात्र करीब 15 किलोमीटर दूर रह गई है।
जानकारी के अनुसार, इन महिलाओं ने 350 किलोमीटर से अधिक की पैदल यात्रा पूरी कर ली है। थकी हुईं लेकिन हौसले से भरी ये महिलाएं लगातार आगे बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि वे दिल्ली पहुंचकर राष्ट्रपति से मुलाकात कर LUCC घोटाले की CBI जांच तेज करने और पीड़ितों की रकम वापस दिलाने की मांग करेंगी।
बताया जा रहा है कि एक दर्जन से अधिक महिलाएं उत्तराखंड के श्रीनगर से पैदल ही दिल्ली के लिए रवाना हुई थीं। उनका कहना है कि LUCC घोटाले में उनकी जीवनभर की जमा-पूंजी डूब गई, जिससे उनके परिवार आर्थिक संकट में आ गए हैं।
महिलाओं के अनुसार यह कोई औपचारिक संगठन का आंदोलन नहीं, बल्कि उन माताओं, बहनों और बेटियों की आवाज़ है, जिनकी वर्षों की मेहनत की बचत एक झटके में खत्म हो गई। इन महिलाओं का कहना है कि वे तब तक अपनी आवाज उठाती रहेंगी जब तक उन्हें न्याय और अपनी मेहनत की कमाई वापस नहीं मिल जाती।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दिल्ली पहुंचने के बाद इन पीड़ित महिलाओं की मांगों पर सरकार क्या कदम उठाती है।
रिपोर्ट: सौरभ भंडारी, Aima News