logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

6 मार्च से शिवपुर स्टेशन पर रुकेगी वाराणसी-लखनऊ शटल एक्सप्रेस, मंत्री रविन्द्र जायसवाल दिखाएंगे हरी झंडी



वाराणसी। वरुणा पार क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब वाराणसी से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। ट्रेन संख्या 20401 वाराणसी–लखनऊ शटल एक्सप्रेस का ठहराव अब शिवपुर रेलवे स्टेशन पर भी होगा। यह व्यवस्था 6 मार्च से लागू हो जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधे ट्रेन पकड़ने की सुविधा मिल सकेगी।


इस ठहराव को लेकर लंबे समय से स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मांग कर रहे थे। प्रदेश सरकार के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल के प्रयासों से इस मांग को पूरा किया गया है। बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिशा-निर्देश और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की सहमति के बाद रेलवे ने शिवपुर स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव को मंजूरी दी है।

मंत्री रविन्द्र जायसवाल दिखाएंगे हरी झंडी
6 मार्च को शिवपुर रेलवे स्टेशन पर एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे और सुबह 5:45 बजे वाराणसी–लखनऊ शटल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम में रेलवे अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग भी उपस्थित रहेंगे।


रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 20402 लखनऊ–वाराणसी शटल एक्सप्रेस भी वापसी के दौरान शिवपुर रेलवे स्टेशन पर रुकेगी। इससे यात्रियों को लखनऊ से लौटते समय भी सीधे शिवपुर उतरने की सुविधा मिल सकेगी।

वरुणा पार क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ
शिवपुर स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव से खास तौर पर वरुणा पार क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें वाराणसी कैंट या अन्य स्टेशनों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी और यात्रियों की यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक हो जाएगी। इस निर्णय से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है और इसे वाराणसी के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में देखा जा रहा है।

9
436 views

Comment