यमुना नदी में नहाने गए दो युवक डूबे, एक को ग्रामीणों ने बचाया
जाफरगंज फतेहपुर।
जाफरगंज थाना क्षेत्र के यमुना नदी के बारा घाट के समीप स्नान करते समय दो युवक डूब गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर एक युवक को बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरे युवक की तलाश देर शाम तक जारी रही। जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 9 बजे अभय कुमार (19) पुत्र रामखेलावन तथा विवेक कुमार निवासी ग्राम किशोरपुर थाना सजेती जनपद कानपुर, बारा घाट के समीप यमुना नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दोनों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रयास कर विवेक कुमार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि अभय कुमार को बाहर नहीं निकाला जा सका। सूचना मिलने पर जाफरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से अभय कुमार की तलाश शुरू कर दी गई। बताया जाता है कि होली के दूसरे दिन बारा घाट पर जमघट का मेला लगता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग यमुना स्नान करने पहुंचते हैं। दोनों युवक भी मेला देखने और स्नान करने आए थे। अधिक भीड़ होने के कारण वे कुछ दूरी पर जाकर स्नान करने लगे, इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना के बाद घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई। खबर लिखे जाने तक डूबे युवक अभय कुमार की तलाश जारी थी।