देहरादून: उत्तराखंड की धामी सरकार ने विधानसभा बजट सत्र के बाद वित्तीय वर्ष 2025–26 का आर्थिक सर्वेक्षण पेश कर दिया है।
AIMA MEDIA | विशेष रिपोर्ट
रिपोर्ट: सौरभ भंडारी
देहरादून: उत्तराखंड की धामी सरकार ने विधानसभा बजट सत्र के बाद वित्तीय वर्ष 2025–26 का आर्थिक सर्वेक्षण पेश कर दिया है। इस सर्वेक्षण में राज्य की जीएसडीपी, प्रति व्यक्ति आय, कर्ज की स्थिति और विभिन्न विभागों की आर्थिक स्थिति का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया है।
धामी सरकार में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने आर्थिक सर्वेक्षण की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2024–25 में उत्तराखंड की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) ₹3,81,889 करोड़ दर्ज की गई है। जबकि वर्ष 2021–22 में यह आंकड़ा ₹2.54 लाख करोड़ था। इस तरह पिछले कुछ वर्षों में राज्य की जीएसडीपी में डेढ़ गुना से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।
आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार राज्य में प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2021–22 में प्रति व्यक्ति आय ₹1,94,670 थी, जो बढ़कर वर्ष 2024–25 में ₹2,73,921 हो गई है।
प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने बताया कि इस वर्ष का आर्थिक सर्वेक्षण नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकोनॉमिक रिसर्च (NCAER) के सहयोग से तैयार किया गया है, जिसमें राज्य की आर्थिक प्रगति और भविष्य की संभावनाओं का विस्तृत आकलन किया गया है।
सरकार का कहना है कि आर्थिक सर्वेक्षण राज्य की विकास यात्रा, निवेश की संभावनाओं और आगामी योजनाओं की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।