रंगों की उमंग में डूबा शाहगंज, धूमधाम से मनाई गई होली
सुबह से ही लोगों ने एक-दूसरे को दी बधाई,
शाहगंज जौनपुर ।
शाहगंज नगर व आसपास के क्षेत्रों में रंगों का त्योहार होली बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही लोग घरों से निकलकर एक-दूसरे को होली की बधाई देते और रंग-गुलाल लगाते नजर आए।
नगर के विभिन्न मोहल्लों, चौराहों और गलियों में युवाओं की टोलियां ढोल-नगाड़ों व गीत-संगीत के साथ होली का आनंद लेते दिखाई दीं। लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिलते हुए आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।
होली के इस अवसर पर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर लोगों ने एकत्र होकर होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किए, जहां मिठाइयां बांटी गईं और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी गईं।
नगर में पूरे दिन रंगों की मस्ती छाई रही और लोग खुशी के इस पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाते नजर आए।