गणगौर पूजन शुरू, युवतियों में उत्साह
लालसोट
धुलंडी के पर्व के साथ ही मंगलवार से 16 दिवसीय गणगौर पूजन का शुभारंभ हो गया। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में नवविवाहित महिलाओं और युवतियों में गणगौर पूजा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंगलवार से ही नवविवाहिताएं व युवतियां गली-मोहल्लों में एकत्रित होकर विधिवत गणगौर की पूजा-अर्चना कर रही है तथा पारंपरिक लोकगीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना रही है। गणगौर पूजन को लेकर घर-घर में उल्लास का माहौल बना हुआ है।
ईशर-गणगौर पूजन राजस्थान की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा है। इस पूजा को विवाहित महिलाएं एवं कुंवारी युवतियां दोनों ही श्रद्धा भाव से करती है। विवाहित महिलाएं अपने पति की दीर्घायु की कामना करती है, जबकि कुंवारी युवतियां अच्छे वर की प्राप्ति के लिए माता का पूजन करती है। मान्यता है कि पूरे विधि-विधान से गणगौर का पूजन करने से सुख-समृद्धि और वैवाहिक जीवन में खुशहाली बनी रहती है।