Howrah के प्रोमोटर हत्याकांड में मुख्य आरोपी हारून शेख और रोहित हुसैन दिल्ली से गिरफ्तार
हावड़ा :- हावड़ा के पिलखाना इलाके में हुए चर्चित प्रोमोटर सफीक खान हत्याकांड में पुलिस को आठ दिनों के संघर्ष के बाद बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी हारून शेख और रोहित हुसैन को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गोलाबाड़ी थाने की एक विशेष टीम ने दिल्ली में छापेमारी कर इन दोनों को दबोचा। प्रोमोटर की हत्या के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। हालांकि इस मामले में पहले ही कुछ अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन मुख्य साजिशकर्ता हारून और रोहित पुलिस की पकड़ से बाहर थे और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे। जांच अधिकारियों के लिए इन दोनों का पता लगाना एक बड़ी चुनौती बन गया था। अंततः घटना के आठवें दिन पुलिस ने उन्हें दिल्ली के एक ठिकाने से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम आज गुरुवार को दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली से हावड़ा ला रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इन दोनों से पूछताछ के बाद इस हत्याकांड के पीछे के वास्तविक कारणों और इसमें शामिल अन्य कड़ियों का खुलासा हो सकेगा। गौरतलब है कि पिछले गुरुवार को हावड़ा के पिलखाना इलाके के व्यवसायी सफीक खान की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन और व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद बिलाल (36) उर्फ रिंकू के रूप में हुई, जो कोलकाता के जोरासांको थाना क्षेत्र के कलाबागान इलाके का निवासी है। अन्य दो आरोपियों के नाम मोहम्मद वकील (32) उर्फ मुन्ना और दिलदार हुसैन (32) बताए गए हैं।