NH-80 पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गुमटी से टकराई, 2 की मौत, 7 घायल
भागलपुर–सुल्तानगंज राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही एक कार दिलगौरी मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी एक गुमटी में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की गति काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। बताया जा रहा है कि कार तिलकपुर के मुखिया अमित कुमार चला रहे थे। हादसे के बाद वे करीब आधे घंटे तक कार के स्टीयरिंग में फंसे रहे। आसपास मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नितेश मिश्रा (28 वर्ष, निवासी नारायणपुर) और श्रवण (34 वर्ष, निवासी मिर्जापुर) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में मुखिया अमित कुमार, चंदन ठाकुर (45 वर्ष), पीयूष कुमार (23 वर्ष) और ललित यादव सहित कुल सात लोग शामिल हैं।
घायलों को पहले सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है।