logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

भोजपुर में बेलगाम पिकअप ने बाइक सवार तीन दोस्तों को रौंदा, एक की मौत दो घायल

भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर सियाडीह गांव के समीप मंगलवार की शाम एक बेलगाम पिकअप ने बाइक सवार तीन दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया।

चिकित्सकों ने 26 वर्षीय संतोष कुमार चौधरी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी उसके दोनों दोस्तों को प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान कथराई गांव निवासी स्व. परमेश्वर चौधरी के पुत्र संतोष कुमार चौधरी के रूप में हुई है। वहीं जख्मियों में कथराई गांव निवासी बेचन चौधरी का पुत्र जीतू कुमार तथा फुलाड़ी गांव निवासी एक अन्य युवक शामिल हैं। तीनों आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं।
बताया जाता है कि तीनों बाइक से अपने गांव से चरपोखरी बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सियाडीह गांव के समीप तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

परिजनों के अनुसार संतोष कुमार चौधरी तीन भाइयों और चार बहनों में छठे स्थान पर था। उसके परिवार में पत्नी अनीता देवी, चार पुत्रियां—आकांक्षा, अंजू, अंजली, श्रेष्ठी तथा दो पुत्र—अविनाश एवं अंश हैं। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया है। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

0
0 views

Comment