आरा में होली से पहले खूनी वारदात, पुरानी रंजिश में युवक को गोली मारी
भोजपुर जिले के आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र में होली से ठीक पहले एक युवक को पुरानी रंजिश के चलते गोली मार दी गई। 20 वर्षीय आदर्श कुमार को पेट में गोली लगी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद कर लिया है और नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
भोजपुर जिले में होली से ठीक एक दिन पहले गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आई है। आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत भेल डुमरा गांव में मंगलवार को हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी और फरार हो गए।
घायल युवक की पहचान 20 वर्षीय आदर्श कुमार पिता धनंजय सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से तरारी थाना क्षेत्र के सेदहा गांव का निवासी है और वर्तमान में भेल डुमरा वार्ड संख्या-एक स्थित ननिहाल में रह रहा है। गोली उसके पेट में लगी है। घटना के बाद अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया।
थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव ने बताया कि दो दिन पूर्व गांव में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। प्रारंभिक जांच में उसी विवाद से जुड़ी रंजिश में गोली मारने की आशंका जताई जा रही है। गांव के ही कुछ नामजद लोगों का नाम सामने आया है।
पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।