रिपोर्टर आशीष कुमार ,
सुल्तानगंज में बेकाबू कार घूमटी में घुसी दो युवकों की दर्दनाक मौत। 07 घायल आधे घंटे तक स्टेरिंग में फंसे रहे मुखिया।
भागलपुर ,सुल्तानगंज एनएच-80 पर सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। दिलगौरी मोड़ के पास भागलपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गुमटी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और इसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि ड्राइवर संतुलन खो बैठा। कार तिलकपुर के मुखिया अमित कुमार चला रहे थे, जो हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक स्टेयरिंग में बुरी तरह फंसे रहे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
हादसे में हताहतों का विवरण:
मृतक: नितेश मिश्रा (28 वर्ष, निवासी: नारायणपुर) और श्रवण (34 वर्ष, निवासी: मिर्जापुर)।
घायल: मुखिया अमित कुमार, चंदन ठाकुर (45 वर्ष), पीयूष कुमार (23 वर्ष), ललित यादव समेत कुल 7 लोग घायल हैं।
सभी घायलों को पहले सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और लापरवाही का लग रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।