रंगों में डूबा महुली, हर्षोल्लास के साथ मनी होली
ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल के नेतृत्व में परंपराओं संग हुआ उत्सव का आयोजन
महुली गांव में इस वर्ष होली का पर्व पूरे उत्साह, उमंग और भाईचारे के वातावरण में मनाया गया।
महुली सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_सोनभद्र जनपद के विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महुली में सुबह होते ही गांव की गलियां रंग और गुलाल से सराबोर हो उठीं।
लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में उत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। ढोल-मंजीरे और फाग गीतों की धुन पर ग्रामीण झूमते नजर आए, जिससे पूरे गांव में आनंदमय वातावरण बना रहा।
ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने परंपरा का निर्वहन करते हुए होलिका दहन स्थल पर पहुंचकर राख को माथे पर लगाया और उसे शुभता एवं समृद्धि का प्रतीक मानते हुए एक-दूसरे के साथ साझा किया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया।
होली के इस पावन अवसर पर गांव में शांति, सौहार्द और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि यह पर्व केवल रंगों का ही नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है।
इस प्रकार महुली में होली का त्योहार पारंपरिक रीति-रिवाजों और उल्लासपूर्ण वातावरण के साथ संपन्न हुआ।