रिपोर्टर आशीष कुमार ,
पीरपैंती भाजपा विधायक के बेटे पर लगा मारपीट का आरोप, मेले में सरेआम दो युवकों की पिटाई का है मामला ।
भागलपुर के पीरपैंती में चल रहे यज्ञ कार्यक्रम के अंतिम दिन खुशियों का मेला अचानक 'रणक्षेत्र' में बदल गया। आरोप है कि स्थानीय भाजपा विधायक मुरारी पासवान के बेटे और उनके समर्थकों ने दो युवकों की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहे हैं, जिसने प्रशासन की नींद उड़ा दी है।
पीड़ित अभिषेक यादव और अमरजीत यादव (निवासी: नाथनगर) ने बताया कि वे मेले में झूला झूलने के लिए लाइन में लगे थे। तभी एक युवक ने 'विधायक का पोता' होने का रौब झाड़ते हुए जबरन पहले चढ़ने की कोशिश की। विरोध करने पर मामला बढ़ गया।
घायल अभिषेक के अनुसार, कुछ ही मिनटों में विधायक के बेटे अभिजीत पासवान करीब 50-60 लोगों के साथ वहाँ पहुँचे। आरोप है कि भीड़ के बीच चौकीदार का डंडा छीनकर दोनों युवकों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने डायल 112 और स्थानीय पुलिस को फोन किया, लेकिन समय पर कोई मदद नहीं मिली।
वायरल वीडियो में क्या दिखा?
पहला वीडियो (25 सेकंड): इसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और फिर अचानक मारपीट शुरू होते दिख रही है।
दूसरा वीडियो (18 सेकंड): इसमें कथित तौर पर विधायक के बेटे को युवक के साथ धक्का-मुक्की और पिटाई करते देखा जा सकता है।
मामले पर भाजपा विधायक मुरारी पासवान ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने दावा किया कि:
दूसरे पक्ष के 20 लोग जबरदस्ती नाव वाले झूले पर चढ़ रहे थे।
विरोध करने पर उनके 8 साल के पोते के साथ मारपीट की गई।
रात 2 बजे उनके ऑफिस के पास खड़ी गाड़ी पर पथराव किया गया, जिससे शीशे टूट गए।
पुलिस की कार्रवाई: कहलगांव SDPO 2 पंकज कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। खबर लिखे जाने तक प्राथमिकी (FIR) दर्ज होने की प्रक्रिया जारी थी। पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है।