यज्ञपुर नाम मंजूर नहीं, 9 मार्च को निकलेगी जनआक्रोश रैली
जहाजपुर। तहसील का नाम बदलकर यज्ञपुर किए जाने के फैसले के विरोध में क्षेत्र की जनता अब खुलकर सामने आ गई है। “यज्ञपुर नामंजूर” के नारे के साथ 09 मार्च 2026 को बड़ी जनआक्रोश रैली निकाली जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि रैली की शुरुआत चावड़िया चौराहा से होगी, जहां से बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर तहसील कार्यालय तक पैदल मार्च करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नाम परिवर्तन से विकास नहीं होगा, बल्कि सरकार को क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली, रोजगार और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए। व्यापारियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों ने भी रैली को समर्थन देने की घोषणा की है।
प्रशासन ने रैली को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने की बात कही है। वहीं आयोजकों ने रैली को शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से निकालने की अपील की है।
क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और अब सबकी नजर 9 मार्च को होने वाली जनआक्रोश रैली पर टिकी है।