इजराइल में सुरक्षित हैं यूपी के 6,004 श्रमिक, योगी सरकार ने दूतावास से साधा संपर्क
लखनऊ: मध्य एशिया में बढ़ते तनाव के बीच उत्तर प्रदेश की योगी सरकार इजराइल में कार्यरत राज्य के 6,004 निर्माण श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी श्रमिक सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
सरकारी प्रयासों और सुरक्षा व्यवस्था
ये श्रमिक वर्ष 2024 में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) और इजराइल की संस्था PIBA के माध्यम से चयनित होकर विभिन्न परियोजनाओं में कार्यरत हैं। राज्य सरकार तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास के साथ सीधे संपर्क में है। दूतावास द्वारा जारी सुरक्षा परामर्श (एडवाइजरी) के अनुसार, सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।
सुरक्षित स्थानों पर रहने के निर्देश
श्रमिकों को सुरक्षित क्षेत्रों में रहने और आपातकालीन प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए निर्देशित किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति वर्तमान में पूरी तरह नियंत्रण में है और श्रमिकों के परिजनों को चिंता न करने का आश्वासन दिया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार और राजनयिक माध्यमों के साथ हर संभव कदम उठा रही है।