logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

त्योहारों को हर्षोल्लास, उमंग एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं - कलेक्टर

आगामी त्योहारों को हर्षोल्लास, उमंग एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएँ — कलेक्टर

कलेक्टर की अध्यक्षता में होली, ईद-उल-फितर, रामनवमी एवं महावीर जयंती के संबंध में जिला शांति समिति की बैठक संपन्न

कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे होली सहित सभी आगामी त्योहारों को पारंपरिक गरिमा, उत्साह एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएँ। उन्होंने कहा कि रंगोत्सव होली के अवसर पर रासायनिक रंगों से परहेज करते हुए पर्यावरण-अनुकूल एवं सुरक्षित होली मनाई जाए तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार, मुरैना में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने उक्त विचार व्यक्त किए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री समीर सौरभ, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुरेन्द्र सिंह डाबर, अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, सीएसपी श्रीमती दीपाली चंदौरिया, एसडीएम मुरैना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शांति समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने बताया कि राज्य शासन द्वारा “स्वच्छ एवं स्वस्थ होली अभियान” संचालित किया जा रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने जानकारी दी कि 3 एवं 4 मार्च को होली, 21 मार्च को ईद-उल-फितर, 27 मार्च को रामनवमी तथा 31 मार्च को महावीर जयंती के पर्व मनाए जाएंगे। सभी त्योहारों को सौहार्द एवं समरसता के साथ मनाया जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि होली के अवसर पर आबकारी विभाग एवं पुलिस अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करें। पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से लकड़ी के स्थान पर गौकाष्ठ से होलिका दहन को प्रोत्साहित किया जाए। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं समय-सीमा के अनुरूप ही संचालित हों, ताकि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
ईद-उल-फितर के अवसर पर मस्जिदों एवं ईदगाहों में स्वच्छता, पेयजल, एंबुलेंस तथा मोबाइल शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं रामनवमी के अवसर पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, विसर्जन स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था तथा नवदुर्गा विसर्जन सायं 5 बजे तक संपन्न कराने के निर्देश प्रदान किए गए। नगर निगम द्वारा क्वारी एवं छौंदा स्थलों पर एसडीआरएफ टीम की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्री समीर सौरभ ने कहा कि शांति समिति के सदस्य समाज में समरसता एवं सद्भाव का संदेश प्रसारित करें तथा सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग प्रदान करें।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर जिला प्रशासन ने आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh

39
1078 views

Comment