कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का सफल आयोजन
कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का सफल आयोजन
शासकीय कस्तूरबा गांधी छात्रावास, मुरैना में विगत दिवस कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन छात्रावास की अधीक्षिका श्रीमती उर्मिला सैमिल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध कैरियर अवसरों की जानकारी प्रदान करना एवं उनके भविष्य के प्रति मार्गदर्शन देना था। कार्यक्रम का शुभारंभ वीर सिंह यादव एवं शेखर सिंह यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी छात्राओं ने शिक्षा एवं ज्ञान के प्रति समर्पण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सहायक राज्य संगठन आयुक्त, स्काउट, चंबल संभाग श्री वीर सिंह यादव एवं श्री शेखर सिंह यादव उपस्थित रहे। श्री वीर सिंह यादव द्वारा स्काउट के क्षेत्र में कैरियर की संभावनाओं, नेतृत्व विकास, सामाजिक सेवा, अनुशासन एवं व्यक्तित्व निर्माण पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्काउटिंग के माध्यम से युवा न केवल समाज सेवा का भाव विकसित करते हैं, बल्कि विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय क्षेत्रों में भी बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
इसी क्रम में शेखर सिंह यादव द्वारा अन्य विभिन्न क्षेत्रों में कैरियर विकल्पों पर विस्तृत उद्बोधन दिया गया। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी पाठ्यक्रमों, शिक्षण, प्रशासनिक सेवाओं एवं स्वरोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी प्रदान की। छात्राओं द्वारा पूछी गई विभिन्न जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का सरल एवं स्पष्ट शब्दों में समाधान किया, जिससे छात्राओं को अपने भविष्य के चयन में स्पष्ट दिशा प्राप्त हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में श्रीमती मधुलता तोमर द्वारा भी छात्राओं को कैरियर चयन की प्रक्रिया, रुचि एवं क्षमता के अनुरूप विषय चयन तथा सकारात्मक सोच के महत्व पर मार्गदर्शन दिया गया।
समस्त कैरियर काउंसलरों द्वारा उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। अंत में छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती उर्मिला सैमिल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। छात्राओं से प्राप्त मार्गदर्शन को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताया। यह कार्यक्रम छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध होगा।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena Jansampark Madhya Pradesh #MadhyaPradesh