logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

एसडीएम प्रफुल्ल रजक की सख्ती से मचा हड़कंप, 5 हाईवा जप्त! कलेक्टर के निर्देश पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध रेत परिवहन पर कसा शिकंजा!

सारंगढ़-बिलाईगढ़:- जिले में अवैध रेत एवं गौण खनिज परिवहन के विरुद्ध प्रशासन ने एक बार फिर अपनी सख्त एवं प्रभावशाली कार्यशैली का परिचय दिया है। माननीय कलेक्टर संजय कन्नौजे के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बिलाईगढ़ प्रफुल्ल रजक ने देर रात सरसींवा एवं भटगांव तहसील क्षेत्रों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के साथ योजनाबद्ध तरीके से सघन छापामार कार्रवाई की।
इस सशक्त अभियान के दौरान 20 टन क्षमता के 5 हाईवा वाहन अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए जिन्हें तत्काल जप्त कर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की गई। इनमें 3 वाहन सरसींवा क्षेत्र से तथा 2 वाहन भटगांव क्षेत्र से पकड़े गए। प्रशासन की इस त्वरित और निर्णायक कार्रवाई से अवैध कारोबार से जुड़े तत्वों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई है।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत परिवहन को लेकर शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। आमजन में राजस्व हानि एवं पर्यावरणीय प्रभाव को लेकर असंतोष व्याप्त था। ऐसे समय में एसडीएम प्रफुल्ल रजक ने अपनी सजगता, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए न केवल कार्रवाई को अंजाम दिया, बल्कि यह भी स्पष्ट कर दिया कि शासन के निर्देशों के पालन में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी। उनकी सक्रिय कार्यप्रणाली से प्रशासन की सख्त छवि और अधिक सुदृढ़ हुई है।

वर्जन – अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एसडीएम प्रफुल्ल रजक ने बताया कि माननीय कलेक्टर के निर्देशानुसार बीती रात 5 हाईवा वाहन जप्त किए गए, जिनमें 3 वाहन सरसींवा क्षेत्र से तथा 2 वाहन भटगांव क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन करते पाए गए। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा चुकी है और आगे भी इसी प्रकार सख्त एवं निरंतर अभियान जारी रहेगा। प्रशासन की प्राथमिकता अवैध गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाते हुए शासन को राजस्व हानि से बचाना है। एसडीएम की दृढ़ नेतृत्व क्षमता और प्रतिबद्धता ने यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि बिलाईगढ़ क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन के लिए अब कोई स्थान नहीं है।

0
0 views

Comment