logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पत्रकारों को टोल टैक्स और बसों में मिले निःशुल्क यात्रा की सुविधा भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ

ओमप्रकाश सिंह बूढ़नपुर आजमगढ़: 02 मार्च 2026
भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ ने देश के पंजीकृत पत्रकारों और समाचार पत्र संपादकों के हितों को ध्यान में रखते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार से टोल टैक्स मुक्ति और बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने की पुरजोर मांग की है। इस संबंध में महासंघ की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश के परिवहन मंत्री को एक औपचारिक मांग पत्र प्रेषित किया गया है।
महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक एवं संस्थापक डॉ. भगवान प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और सरकार के बीच सेतु का कार्य करते हैं। जनसमस्याओं और विकास कार्यों के संकलन के लिए पत्रकारों को निरंतर राजधानी और विभिन्न जनपदों की यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे में टोल प्लाज़ा पर लगने वाला कर और परिवहन व्यय उनके लिए एक बड़ा आर्थिक बोझ बन जाता है।
भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ की प्रमुख माँगें:
देश के समस्त पंजीकृत पत्रकारों एवं संपादकों को राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर टोल टैक्स से पूर्णतः मुक्त किया जाए।
परिवहन निगम की बसों में पत्रकारों को निःशुल्क अथवा रियायती यात्रा की सुविधा दी जाए।
छोटे समाचार पत्रों और पत्रिकाओं के संपादकों को विशेष प्राथमिकता दी जाए, जिन्हें सरकारी विज्ञापनों का पर्याप्त सहयोग नहीं मिल पाता।
महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुनेश्वर मिश्रा और राष्ट्रीय मुख्य महासचिव मथुरा प्रसाद धुरिया ने संयुक्त रूप से कहा कि यदि सरकार पत्रकारों को यह सुविधा प्रदान करती है, तो इससे पत्रकारिता के क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे पत्रकारों के लिए यह निर्णय ऐतिहासिक सिद्ध होगा और वे निर्भीक एवं निष्पक्ष रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।
महासंघ ने आशा व्यक्त की है कि सरकार जनहित और पत्रकार हित में इस संवेदनशील विषय पर शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेगी।
इस ज्ञापन को भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ की जिला तहसील इकाइयों को देशभर में की तहसीलो, व जिले के माध्यम से शासन प्रशासन तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।

0
0 views

Comment