प्रमोशन व्यवस्था समाप्त होने के विरोध में काली पट्टी बांधकर ड्यूटी पर रहे सन्हौला अंचलाधिकारी*
सन्हौला भागलपुर से आशीष कुमार की खास रिपोर्ट
भागलपुर जिले के सन्हौला के अंचलाधिकारी रजनीश चन्द्र राय ने सोमवार को अपने कार्यालय में काली पट्टी बांधकर ड्यूटी की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा अंचलाधिकारियों की पदोन्नति (प्रमोशन) की पूर्व व्यवस्था समाप्त किए जाने के विरोध में वे सांकेतिक हड़ताल पर हैं।
अंचलाधिकारी रजनीश चन्द्र राय ने कहा कि उनकी नियुक्ति बीपीएससी के माध्यम से हुई थी। नियुक्ति के समय यह स्पष्ट प्रावधान था कि अंचलाधिकारी (सीओ) पद से पदोन्नति प्राप्त कर डीसीएलआर और एसडीएम जैसे पदों पर जाने का अवसर मिलेगा। लेकिन हाल ही में लिए गए निर्णय के बाद इस पदोन्नति प्रक्रिया को समाप्त कर दिया गया है, जिससे अंचलाधिकारियों में नाराज़गी है।
उन्होंने बताया कि पहले अंचलाधिकारी से लेकर डीसीएलआर और एसडीएम तक पदोन्नति की स्पष्ट एवं व्यवस्थित प्रक्रिया थी, परंतु अब इसे समाप्त कर देने से सेवा शर्तों और कैरियर प्रगति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इससे अधिकारियों के भविष्य की उन्नति की संभावनाएं प्रभावित होंगी।
अंचलाधिकारी ने कहा कि इसी के विरोध में काली पट्टी बांधकर सांकेतिक रूप से विरोध दर्ज कराया जा रहा है। हालांकि, इस दौरान कार्यालय का कार्य बाधित नहीं किया गया और आम जनता के सभी कार्य पूर्ववत सुचारु रूप से संचालित होते रहे।
उन्होंने राज्य सरकार से पदोन्नति संबंधी व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि अधिकारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाना चाहिए।