राजगढ़ थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा: ऑटो-बाइक की टक्कर में 6 घायल, दो की हालत नाजुक
राजगढ़ में भीषण सड़क हादसा: ऑटो-बाइक की टक्कर में 6 घायल, दो की हालत नाजुक
राजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत न्याय पंचायत धौरहा के ग्राम सभा ददरा मुतलके रामपुर में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऑटो और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में कुल 6 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑटो सवार रॉबर्ट्सगंज से मिर्जापुर की ओर जा रहे थे, जबकि भावा की तरफ से बाइक पर सवार दो युवक राजगढ़ की दिशा में आ रहे थे। ददरा मुतलके रामपुर गांव के पास दोनों वाहन जैसे ही आमने-सामने आए, तेज रफ्तार के कारण जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक सवार अखिलेश पांडेय (38 वर्ष) एवं प्रमोद पांडेय (34 वर्ष) निवासी भीटी दूबेपुर घायल हो गए। इनमें अखिलेश पांडेय की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल रेफर कर दिया गया। वहीं ऑटो चालक कृष्णा (24 वर्ष) निवासी करारी, रॉबर्ट्सगंज की हालत भी नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
अन्य घायलों में संदीप (23 वर्ष) निवासी करारी रॉबर्ट्सगंज, राधिका (26 वर्ष) पत्नी भगवान दास (28 वर्ष) निवासी लक्ष्मणपुर, सोनभद्र शामिल हैं। इन सभी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में चल रहा है।
थाना प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि ऑटो और बाइक की टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें रेफर किया गया है, जबकि अन्य चार का इलाज सीएचसी राजगढ़ में जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।