होली से पहले शाहजहांपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 35 लाख के 151 मोबाइल बरामद, मालिकों को सौंपे
शाहजहांपुर। होली पर्व से पहले जनपद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 151 गुम व चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
पिछले कुछ समय से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से मोबाइल गुमशुदगी व चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए सर्विलांस सेल व एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने गुम व चोरी हुए मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाकर तकनीकी आधार पर ट्रेस किया। गहन छानबीन के बाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 151 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बरामद मोबाइलों के स्वामियों में आम नागरिकों के साथ दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस टीम का आभार जताया। एक महिला ने भावुक होकर बताया कि मोबाइल खोने पर वह काफी दुखी थीं और मिलने की उम्मीद छोड़ चुकी थीं। होली से पहले मोबाइल वापस मिलना उनके लिए किसी उपहार से कम नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि होली से पहले 151 मोबाइल बरामद कर स्वामियों को सौंपना पुलिस की सक्रियता का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी लगभग एक हजार मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित लोगों को लौटाए गए थे।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत ऑनलाइन पोर्टल या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।