शाहजहांपुर में दर्दनाक हादसा
पिकअप (डीसीएम) की टक्कर से ई-रिक्शा सवार बाप-बेटे की मौत, होली की खरीदारी को जा रहे थे बाजार
अल्हागंज (शाहजहांपुर)। अल्हागंज थाना क्षेत्र में जलालाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर रविवार सुबह भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों होली की खरीदारी के लिए बाजार जा रहे थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
देहना गांव निवासी 32 वर्षीय रविराज अपने 11 वर्षीय बेटे पीयूष के साथ जलालाबाद बाजार जाने के लिए गांव के बाहर हाईवे पर ई-रिक्शा में बैठे थे। जैसे ही चालक ने ई-रिक्शा आगे बढ़ाया, पीछे से आ रही सीएनजी सिलेंडरों से लदी तेज रफ्तार डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण कि उछलकर गिरे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रविराज और उनका बेटा ई-रिक्शा से बाहर जा गिरे। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
ई-रिक्शा चालक सरवजीत और उसके पिता मुन्ना लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर दोनों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
रविराज खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी रोशनी देवी और एक छोटा बेटा है। होली से पहले हुई इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।