logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

रील के विवाद में दोस्त को मारी गोली, नाबालिग गिरफ्तार पिता की लाइसेंसी पिस्टल से वारदात, एक पिस्टल व चार कारतूस बरामद

शाहजहांपुर। जिले के कटरा थाना क्षेत्र में रील बनाने को लेकर हुए विवाद में एक नाबालिग ने अपने ही दोस्त को गोली मार दी। घटना 28 फरवरी की है। गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय नैतिक को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर उसके पास से पिस्टल और चार कारतूस बरामद किए हैं।

कटरा थाना क्षेत्र के अरहान मोहल्ले निवासी नैतिक की अपने ही मोहल्ले के एक नाबालिग से गहरी दोस्ती थी। बताया जा रहा है कि 28 फरवरी को काकोरी इंटर कॉलेज के पास दोनों के बीच रील बनाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान नाबालिग ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से नैतिक को गोली मार दी। गोली उसकी बायीं छाती में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिजन उसे तत्काल बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है। नैतिक की मां राधा जायसवाल ने चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी नाबालिग ने बताया कि उसके पिता की लाइसेंसी पिस्टल अलमारी में ताला लगाकर रखी रहती थी। घटना वाले दिन पिता के घर से बाहर जाने पर उसने मौका पाकर अलमारी का ताला खोलकर पिस्टल निकाल ली। उसका दोस्त मोबाइल पर संदेश भेजकर रील बनाने के लिए पिस्टल मंगा रहा था।

आरोपी के मुताबिक, वह पिस्टल लेकर काकोरी स्कूल वाली गली में दोस्त से मिलने पहुंचा। पिस्टल दिखाने पर दोस्त ने उसे देने की मांग की। मना करने पर दोनों के बीच गाली-गलौज और विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान उसने आवेश में आकर गोली चला दी, जो नैतिक की बायीं छाती में जा लगी। खून निकलता देख वह मौके से फरार हो गया।

आरोपी ने बताया कि वारदात के बाद वह पौकी मंदिर के पास रेलवे लाइन पार कर खंडहर में पिस्टल छिपाकर घर चला गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे फीलनगर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पिस्टल बरामद कर ली गई।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।

8
252 views

Comment