जुलूस मार्ग का एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा-यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा
शाहजहांपुर। आगामी त्योहार एवं बड़े/छोटे लाट साहब के जुलूस को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने नगर क्षेत्र में प्रस्तावित जुलूस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम, आरटीसी महिला रिक्रूट्स तथा थाना कोतवाली और थाना सदर बाजार पुलिस बल के साथ संबंधित थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने जुलूस मार्ग के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों, बाजार क्षेत्रों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने बैरिकेडिंग व्यवस्था, ड्यूटी प्वाइंट चिन्हांकन, यातायात डायवर्जन प्लान, भीड़ नियंत्रण के उपाय और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। ड्रोन कैमरों से सतत मॉनिटरिंग, पिकेट और मोबाइल पार्टियों की तैनाती को भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
थाना कोतवाली और थाना सदर बाजार पुलिस को विशेष रूप से संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर नजर रखने तथा जुलूस आयोजकों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को भी सक्रिय रहकर आपत्तिजनक व भ्रामक पोस्ट पर नजर रखने के लिए कहा गया है।
एसपी ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान संयम, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने तथा किसी भी अफवाह पर त्वरित कार्रवाई कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए।