डीएम,एसपी ने त्योहारों के दृष्टिगत गोपीगंज क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा,स्वस्थ समाजिक वातावरण व शांति का कराया एहसास
AIMAMIDEA-जन जन की आवाज
By-report- Up crime reporter
भदोही 02 मार्च 2026
होलिका दहन, होली, रमजान एवं ईद पर्वों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक द्वारा संयुक्त रूप से जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च किया गया।
इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा तहसील ज्ञानपुर के उप जिलाधिकारी भान सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रभात राय के साथ गोपीगंज क्षेत्र में हाईवे, कस्बों एवं बाजारों में पैदल भ्रमण करते हुए फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान आम जनमानस एवं व्यापारियों को सुरक्षा, शांतिपूर्ण, भयमुक्त वातावरण एवं स्वस्थ सामाजिक माहौल का भरोसा दिलाया गया। फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा अतिक्रमण हटाने, साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग भी कराई गई। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद स्थापित कर फीडबैक लिया तथा सभी से अपील की कि वे पर्वों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा प्रशासन का सहयोग करें। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल द्वारा उपजिलाधिकारी भदोही अरुण गिरी एवं क्षेत्राधिकारी अशोक के साथ तहसील भदोही के प्रमुख कस्बों, मार्गों एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा लोगों में विश्वास का वातावरण स्थापित किया गया।
तहसील औराई क्षेत्र में भी क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह एवं उपजिलाधिकारी श्याम मणि त्रिपाठी द्वारा घोसिया सहित आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया गया, जिससे क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का संदेश गया।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है। जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें, सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित न करें तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। सभी नागरिक मिलजुल कर पर्वों को हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं।