SIR Voter लिस्ट में नाम 'विचाराधीन' होने पर बुजुर्ग की मौत, सड़क जाम कर TMC का प्रदर्शन
मुर्शिदाबाद :- पश्चिम बंगाल में 'एसआईआर' (SIR) के तहत वोटर लिस्ट को लेकर पैदा हुए खौफ ने एक और जान ले ली है। सोमवार को मुर्शिदाबाद के गुधिया इलाके में 70 वर्षीय अब्दुल शेख की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शनिवार को जारी सूची में परिवार के 10 सदस्यों का नाम 'विचाराधीन' (Under Adjudication) होने की खबर से अब्दुल गहरे सदमे में थे। इसी मानसिक तनाव के कारण रविवार रात उन्हें दिल का दौरा पड़ा और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं ने हरिरामपुर-बहरामपुर राज्य सड़क को जाम कर करीब एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। टीएमसी नेता सायनी सिंह रॉय ने इस मौत के लिए केंद्र सरकार की लापरवाही और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस के हस्तक्षेप और उचित जांच के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।