काटपाडी रेलवे श्रमिक संगठन (एसआरएमयू) सदस्यों ने श्रमिकों को मिलने वाले भत्तों सहित विभिन्न मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
वेलूर (दलपतसिंह भायल ) यहां काटपाडी रेलवे जंकशन के पी डब्लयू ए वाई कार्यालय के सामने सोमवार को काटपाडी रेलवे श्रमिक संगठन एसआरएमयू के सचिव कार्तिकेयन के नेतृत्व में सैकड़ों सदस्यों ने प्रशासन द्वारा श्रमिकों को मिलने वाले विभिन्न भत्तों यात्रा भत्ता,रात्रि ड्यूटी भत्ता, ओवरटाइम भत्ता, जोखिम एवं कठिनाई भत्ता, विशेष गेटकीपर भत्ता एवं कंट्रोलर भत्ता की रोक लगाने सहित अन्य विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर सचिव कार्तिकेयन ने कहा कि श्रमिकगण प्रतिदिन 7 घंटे तक कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं,चाहे बारिश हो या धूप, लेकिन प्रशासन उनके अधिकारों को छीन रहा है। विरोध करने वाले श्रमिकों ने सवाल उठाया कि जब प्रशासन भत्ते देने से इनकार करता है, तो उसे रात्रि ड्यूटी करवाने का नैतिक अधिकार कैसे है? सुरक्षा को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए। श्रमिकों ने कहा कि यदि किसी लेवल क्रॉसिंग पर दुर्घटना होती है या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन होता है, तो प्रशासन चार्जशीट जारी करता है,जबकि बुनियादी सुविधाएं और भत्ते देने से बचता है। प्रशासन ने वित्तीय संकट का हवाला देते हुए भत्तों को रोकने का निर्णय लिया है। लेकिन श्रमिकों का कहना है कि करोड़ों रुपये का काम करने वाले कर्मचारियों के जीवन और श्रम का शोषण कर संकट का समाधान करना अनुचित है। प्रदर्शन में श्रमिकों ने प्रशासन से सभी रोके गए भत्तों का तत्काल भुगतान करने और श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन कारियों में इंजीनियरिंग काउंसिल अधिकारी मनोगरन, उपाध्यक्ष अरूणाचलम, संयोजक प्रेम कुमार, उपसचिव अन्नादूरै, मालिनी, विजय कुमार, पार्तिबन एवं सुरेंद्र सहित काफी संख्या में सदस्य गण शामिल थे