मां के अंतिम संस्कार के समय टीकाराम जूली मां की ममता की याद में फूट-फूटकर रोने लगे
अलवर। जिले में मांढण क्षेत्र के काठूवास गांव निवासी नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की बड़ी मां चलती देवी (91) का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में दुखद निधन हो गया जिनका उनके पैतृक काठूवास गांव में अंतिम संस्कार किया गया तथा इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री भंवर जितेन्द्र सिंह, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, वन मंत्री संजय शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का मां चलती देवी से विशेष लगाव था। वह सदैव उनके स्वास्थ्य को लेकर सजग रहते थे। मां के अंतिम संस्कार के समय टीकाराम जूली मां की ममता की याद में फूट-फूटकर रोने लगे जिसपर उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वासुदेव देवनानी, गोविन्द सिंह डोटासरा, भंवर जितेन्द्र सिंह एवं संजय शर्मा द्वारा ढ़ाढ़स बंधाया गया। मृतका चलती देवी को अंत्येष्टि स्थल पर दोनों पुत्र टीकाराम जूली, मुकेश जूली एवं दोनों पौत्रों द्वारा मुखाग्नि दी गई तथा इस दौरान भारी तादाद में क्षेत्र के ग्रामीण मौजूद रहे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पूर्व सीएम अशोक गहलोत द्वारा चलती देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा गया कि "मां की तपस्या से ही जूली आज राजनीति के बड़े शिखर पर हैं। गहलोत ने कहा कि मां की तपस्या से ही एक छोटे से गांव से जिला परिषद का चुनाव जीतकर राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की सराहनीय भूमिका निभा रहे हैं। जूली के पिता स्वर्गीय लेखराम ठेकेदार एवं उनकी मां ने संघर्षों की भट्टी में तपकर अपने बेटे को इस मुकाम तक पहुंचाया है"।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार चलती देवी के निधन की सूचना मिलते ही देश और प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं द्वारा टीकाराम जूली से फोन पर संपर्क कर गहरी संवेदना व्यक्त की गई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने फोन कर शोक जताने सहित परिवार को ढांढ़स बंधाया वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा भी फोन पर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं गई। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े द्वारा भी फोन कर शोक व्यक्त किया गया।